सुरियावां। कोतवाली के कुसौड़ा गांव निवासी 45 वर्षीय लल्लू गौतम ने बुधवार को जहर खाकर जान दे दी। वह पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से अवसाद में थे। जहर खाने के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। दोपहर करीब एक बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
लालू गौतम की 16 वर्षीय बेटी काजल ने बताया कि उसकी मां करीब दो माह पूर्व किसी दूसरे व्यक्ति के साथ चली गई थी। इसके बाद भी उसके पिता और मां के बीच फोन पर बातचीत होती थी। वे काफी समय से उसे वापस बुला रहे थे। इसके लिए कई जगहों पर शिकायत भी दर्ज कराई थी। बेटी ने बताया कि बुधवार को उसके पिता की मां से बातचीत हुई। जिसके बाद पिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में पहले उन्हें सुरियावां सीएचसी पहुंचाया गया। जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई। प्रभारी निरीक्षक सुरियावां अश्वनी कुमार त्रिपाठी का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कोई तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर भी पुलिस जांच करेगी।