ज्ञानपुर में आसमान में छाया बादल। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
ज्ञानपुर। बंगाली की खाड़ी में उठे मोंथा चक्रवात के चलते जिले में मौसम का मिजाज सप्ताह भर से बदला है। चार दिनों से हो रही बारिश से शनिवार को लोगों को राहत मिली। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। ठंड भरी पछुआ हवा चली, जिससे गलन का अहसास हुआ। मौसम विभाग ने रविवार से मौसम साफ होने की उम्मीद जताई है। बेमौसम हुई बारिश से शनिवार को ज्ञानपुर, गोपीगंज, गड़ेरियापुर, उमरियां, रयापुर, चौरी, कस्तूरीपुर, मोढ़, अभिया आदि गांवों में किसान दिनभर खेत में कटी धान की फसल को सहेजने में जुटे रहे। शुक्रवार की रात जिले में बूंदाबांदी हुई। शनिवार को दिनभर मौसम साफ रहा। लेकिन, आसमान में काले बादमों का जमघट लगा रहा। इससे लोगों को सिहरन का अहसास हुआ। मोंथा चक्रवात के कारण जिले में गत शनिवार की शाम से मौसम बदला है। जिला चिकित्सालय के फिजीशियन डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि यह मौसम सेहत के लिहाज से नुकसानदेय है। अस्पताल में सर्दी, जुकाम, बुखार के मरीजों की संख्या अधिक है। उन्हें जांच कर दवा दी जा रही है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि गुजरे 24 घंटे में दो मिलीमीटर बारिश हुई है। शनिवार दिन का तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि रात का तापमान 18 डिग्री सेल्यिस रहा। बताया रविवार को साफ व शुष्क मौसम रहेगा। धूप खिलने के पूर्ण आसार हैं। शाम के वक्त बादल दिख सकते हैं।