फोटो-31-गोंडा के कूकनगर ग्रंट भरपुरवा में आग लगने से जला ट्रैक्टर।&nbs
गौर/गोंडा। कूकनगर ग्रंट भरपुरवा स्थित एक ईंट भट्ठे पर रविवार सुबह ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ट्रैक्टर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। ट्रैक्टर के नीचे दबने के कारण चालक राकेश उर्फ धनु (36) की जलकर मौत हो गई।
बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के बेलवरिया जंगल के रहने वाले राकेश ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चालक थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलटने से राकेश उसके नीचे दब गए थे। इसी बीच शॉर्ट सर्किट से ट्रैक्टर में आग लग गई और लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी राकेश को बचा नहीं पाए। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से ट्रैक्टर हटाकर उसके नीचे से राकेश को निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी गुड़िया देवी दहाड़े मारकर रो रही थी, उसने बताया कि अब परिवार को संभालने वाला कोई नहीं है। दिवंगत के तीन संतान है, जिसमें बड़ी बेटी शिल्पा 11 वर्ष, बेटा अंकुर यादव 8 वर्ष, शिवांश 2 वर्ष है।
मृतक युवक के पिता की मौत पहले ही हो चुकी है। थानाध्यक्ष खोड़ारे कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में छानबीन की जा रही है।