नगर बाजार। कोतवाली थाना क्षेत्र के मूडघाट स्थित कुआनों नदी में मंगलवार को शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मुरलीजोत गांव में रहने वाले 50 वर्षीय गंगा राम मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे अपने घर से निकले थे। जब एक घंटे बाद भी वे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद परिजनों को कुआनों नदी के मूडघाट के पास शव मिलने की जानकारी मिली तो वह घाट पर पहुंचे जहां मछुआरों द्वारा शव को बाहर निकालने के बाद परिजनों ने शव को देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने शव की पहचान अपने परिजन गंगा राम के रूप में की। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाने के प्रभारी व पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। कोतवाल मोतीचंद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।