स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को कुछ घंटे के अंतराल पर पहले नाबालिग प्रेमिका फिर प्रेमी ने जहर खाकर जान दे दी। दोनों ने जहर क्यों खाया इसका पता नहीं चल सका है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, हरैया थाना क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी का गांव के ही 18 वर्षीय युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों क्षेत्र के एक ही इंटर कॉलेज में पढ़ते थे। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब पौने सात बजे किशोरी ने अपने घर में कोई जहरीला पदार्थ खा लिया।
हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे इलाज के लिए कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। वहां इलाज के दौरान किशोरी की मौत हो गई। उधर, किशोरी के जहर खाने की जानकारी होने पर उसके प्रेमी ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया।
जब तक उसके घर वालों को इसका पता चलता तब तक उसकी हालत बिगड़ चुकी थी। घर वाले तत्काल उसे दुबौलिया अस्पताल ले गए। वहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात प्रेमी की भी मौत हो गई।
दोनों की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। चर्चा है कि रात में दोनों की फोन पर बात हो रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में कुछ कहासुनी हुई और गुस्से में किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इसका पता चलने पर प्रेमी ने भी जहर खा लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही कारणों का पता चल सकेगा।
विषाक्त पदार्थ खाने से दोनों की मौत बताई जा रही है। शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत कैसे हुई इस बारे में सटीकता से कुछ कहा जा सकेगा। टहुई है। मामले की जांच की जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिस तैनात है: - स्वर्णिमा सिंह, सीओ, हरैया