बस्ती। ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को पारदर्शी, जवाबदेह और पूरी तरह डिजिटल बनाने के उद्देश्य से पंचायती राज विभाग द्वारा बड़ा कदम उठाया गया है। जिले के सभी एडीओ पंचायत कार्यालय कंप्यूटर सिस्टम से लैस होंगे। एडीओ पंचायत को इसके लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अभी तक ग्राम पंचायत सचिवों, पंचायत सहायकों एवं ग्राम प्रधानों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। अब कंप्यूटर मिल जाने के बाद सभी 14 सहायक विकास अधिकारी एडीओ पंचायत को कंप्यूटर संबंधित ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि पेपरलेस कार्य आसानी से उसी सिस्टम से कर सकें।
अभी तक पंचायत कार्यालयों में कंप्यूटर न होने से परेशानी होती थी। इसको देखते हुए पंचायतीराज विभाग ने 20 लाख रुपये खर्च करके 19 कंप्यूटर सिस्टम मंगवाया है। 14 सिस्टम ब्लॉकों पर जबकि पांच सिस्टम डीपीआरओ कार्यालय में प्रयोग करेंगे।
बताया गया है कि पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं के संचालन में अब डिजिटल प्रणाली को पूरी तरह लागू किया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए कंप्यूटर की खरीदारी की गई है।
सरकारी धनराशि का भुगतान अब सीधे ऑनलाइन कैसे किया जाए, विकास कार्यों का विवरण पोर्टल पर कैसे अपलोड किया जाए तथा पंचायत स्तर पर सामग्री की खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी तरीके से कैसे की जाए। इससे योजनाओं में गड़बड़ी की संभावना कम होगी और कार्यों की निगरानी भी आसान होगी।