बरेली। सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर जालसाजों ने महिला से सात लाख रुपये ठग लिए। रुपये वापस मांगने पर आरोपी धमकी दे रहे हैं। महिला की ओर से बारादरी थाने में लखनऊ के एक डॉक्टर और बरेली के दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बारादरी थाना क्षेत्र के मसाला चक्की वाली गली निवासी आशारानी ने पुलिस को बताया कि उनके पति की मौत होने पर उनको फंड व अन्य मदों में रकम मिली थी। उनके बेटे ऋषभ को सरकारी नौकरी के सिलसिले में कालीबाड़ी निवासी दामाद के तहेरे भाई प्रमोद राणा और यश राणा ने जनवरी 2025 में लखनऊ के कैसरबाग निवासी डॉ. सत्य रत्न दीक्षित से मिलवाया। सत्य रत्न ने सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया और 14 लाख रुपये की मांग की। बेटे के कहने पर उन्होंने सत्य रत्न के खाते में अलग-अलग समय पर 6.65 लाख रुपये और मनीष के खाते में एक लाख रुपये से ज्यादा ट्रांसफर कर दिए।
आरोप है कि सत्य रत्न ने बेटे को ज्वाइनिंग लेटर भी दे दिया। बाद में पता लगा कि ज्वाइनिंग लेटर फर्जी है। तब उनको ठगी का अहसास हुआ। रुपये वापस मांगने पर आरोपी धमकी दे रहे हैं। इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।