बरेली। जिला फुटबॉल एसोसिएशन ने अपने अधीनस्थ खिलाड़ियों व फुटबॉल रेफरियों के लिए निर्देश जारी किए हैं। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि उससे संबंधित कोई भी खिलाड़ी या रेफरी किसी भी स्तर की फुटबॉल प्रतियोगिता में बिना पूर्व अनुमति के प्रतिभाग करता है तो इसे एसोसिएशन के नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। सचिव मून रॉबिंसन ने बताया कि ऐसी स्थिति में एसोसिएशन की ओर से तीन वर्ष तक खेलने या रेफरिंग करने पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। सचिव ने यह भी कहा कि गंभीर मामलों की सूचना उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ को भी प्रेषित की जा सकती है, जिससे संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध राज्य स्तर पर भी आवश्यक कार्रवाई संभव हो सके। जिला फुटबॉल एसोसिएशन ने सभी खिलाड़ियों व रेफरियों से आग्रह किया है कि वह किसी भी प्रतियोगिता में भाग लेने से पूर्व आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें।