रवींद्रनाथ टैगोर क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित अंडर-12 मिनी आईपीएल का रोमांच शुरू हो गया है। प्रतियोगिता में पशुपतिनाथ वॉरियर्स और मढ़ीनाथ-11 ने शानदार जीत दर्ज की।
पहला मुकाबला पशुपतिनाथ वॉरियर्स और धोपेश्वर नाथ फाइटर्स के बीच खेला गया। पशुपतिनाथ वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 87 रनों का स्कोर खड़ा किया। पशुपतिनाथ की ओर से संगम ने 24 गेंदों में सर्वाधिक 23 रन बनाए। विपक्षी टीम की ओर से नीर ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में मात्र 11 रन देकर दो विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी धोपेश्वर नाथ फाइटर्स की टीम पशुपतिनाथ के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और पूरी टीम 71 रनों पर ही सिमट गई। टीम की ओर से सर्वाधिक 14 रनों का योगदान रहा। पशुपतिनाथ वॉरियर्स की जीत के नायक गेंदबाज अभि रहे, जिन्होंने चार ओवर में 13 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि गर्व ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में नौ रन देकर दो विकेट हासिल किए। अभि को उनकी बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिन का दूसरा मुकाबला बनखंडी नाथ हीरोज और मढ़ीनाथ-11 के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए बनखंडी नाथ हीरोज ने 20 ओवरों में 109 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाया। टीम की ओर से आर्यन ने 27 और हिलसा ने 23 रनों की पारी खेली। मढ़ीनाथ-11 के गेंदबाज सार्थक रस्तोगी ने चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट चटकाए, जिसमें एक ही ओवर में लिए गए दो विकेट शामिल थे।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी मणिनाथ-11 की टीम ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया और मात्र 15.4 ओवरों में तीन विकेट खोकर 110 रन बना लिए। इस तरह मढ़ीनाथ-11 ने सात विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। टीम की ओर से मोहम्मद आरिफ ने 22 गेंदों में तेजतर्रार 32 रन बनाए, जबकि प्रशांत श्रीवास्तव ने 24 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। बनखंडी नाथ की ओर से अंश यादव और सचिन राठौड़ को एक-एक सफलता मिली। बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रशांत श्रीवास्तव (24 रन और दो विकेट) को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।