नगर निगम ने 16 करोड़ की लागत से कराया चार मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण, दो अभी भी बंद पड़ी
बरेली। शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने 16 करोड़ की लागत से डीडीपुरम, गांधी उद्यान पार्क, संजय कम्युनिटी हाॅल, कुतुबखाना के पास मल्टीलेवल पार्किंग बनवाईं हैं। इसके बाद भी सड़क पर वाहन खड़े होने से लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है।
डीडीपुरम की पार्किंग और संजय कम्युनिटी हाॅल की पार्किग बंद पड़ी है। डीडीपुरम की पार्किंग में कपड़े सूखते मिले। गांधी उद्यान पार्क, कुतुबखाना के पास पार्किंग चालू है, फिर भी लोग अपने वाहन सड़क पर खड़े कर रहे है। इस कारण शहर में लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। नगर निगम बरेली की आबादी करीब 13-14 लाख होगी। यहां पर रोजाना लोगों को जाम झेलना पड़ता है। गांधी उद्यान वाली मल्टी लेवल पार्किंग में सिर्फ एक कार खड़ी मिली, जबकि सड़क पर चार पहिया वाहन खड़े थे। कुतुबखाना मल्टीलेवल पार्किंग अच्छे ढंग से चल रही है। ब्यूरो
..............................
कलक्ट्रेट व कचहरी रोड पर खड़े होते है 500 से अधिक दोवाहन
कलक्ट्रेट व कचहरी मार्ग के सामने रोजाना करीब 500 से अधिक दोपहिया वाहन खड़े होते हैं। इस कारण यहां पर लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। प्रशासन की तरफ से इसके लिए कोई ठोस उपाय नहीं किए जा रहे हैं। यहीं स्थिति सेठ दामोदर स्वरूप पार्क सिविल लाइंस की है। यह धरना-स्थल निर्धारित होने के कारण सड़क पर वाहनों की कतार लग जाती है। यह चौकी चौराहा पर स्थित है, जो चौपुला चौराहा होते हुए मिशन अस्पताल, पोस्टमाॅर्टम हाउस रोड पर जाता है।
...............................
आड़े-तिरछे खड़े वाहनों से तहसील व रजिस्ट्री कार्यालय मार्ग पर जाम :-
तहसील सदर के बाहर भी कोई स्टैंड न होने के कारण काफी संख्या में फरियादी व अन्य लोग सड़क पर आड़े-तिरछे वाहन खड़ा करते हैं, जिससे इन कार्यालयों के बीच पहुंचने में दो मिनट का समय लगता है, मगर जाम के कारण 30 मिनट लगते हैं। रजिस्ट्री कार्यालय मार्ग पर एक साथ दोचार पहिया वाहन नहीं निकल सकते, वजह कि दोनों तरफ आड़े-तिरछे ढंग से वाहन खड़े होना हैं।
....................................
कहां पर कितनी है कार पार्किंग की क्षमता :-
कुतुबखाना के पास 84, गांधी उद्यान के पास 84, डीडीपुरम में 60
संजय कम्युनिटी हॉल में 60 वाहनों को खड़े करने की क्षमता है।
..........................
सड़क पर खड़े वाहनों पर लगातार कार्रवाई हो रही है। जनता को चाहिए वे पार्किंग में अपनी गाड़ियां खड़ी करें। मल्टीलेवल पार्किंग के संचालन की जिम्मेदारी नगर निगम की है। जल्द ही ठोस कदम उठाया जाएगा। - मोहम्मद अकमल खां, एसपी ट्रैफिक
नगर में चार मल्टीलेवल पार्किंग में से दो बंद व दो चालू हैं। डीडीपुरम में पार्किंग के संचालन की जिसको जिम्मेदारी दी गई वह जल्द चालू करेगा तो संजय कम्युनिटी हॉल वाले का टेंडर निरस्त कर दिया गया है। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त नगर निगम बरेली