बरेली। हैदराबाद में छह से 10 मार्च तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए रामपुर गार्डन निवासी मो. सोहेल का चयन हुआ है। लोकोमोटर डिसेबिलिटी से ग्रसित सोहेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में जगह बनाकर एक मिसाल पेश की है।
हाल ही में लखनऊ में आयोजित ट्राॅयल में सोहेल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उनके शानदार खेल के आधार पर चयनकर्ताओं ने उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुना। यह उनकी पहली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता होगी।
खेलों के माध्यम से तलाश रहे भविष्य
सोहेल को चलने-फिरने में समस्या आती है, लेकिन उन्होंने कभी इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। वह बताते हैं कि एक समय उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वे जीवन में किस दिशा में आगे बढ़ें। इसी दौरान उनके मन में विचार आया कि खेलों के माध्यम से वह अपना भविष्य बना सकते हैं। पैरा खेलों के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बैडमिंटन को अपना लक्ष्य बनाया और पूरी लगन के साथ तैयारी शुरू कर दी।