बरेली। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की अनुपस्थिति को लेकर बीएसए ने सख्त रुख अपनाया है। जारी आदेश के अनुसार, अब बीएलओ ड्यूटी या विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य का बहाना बनाकर विद्यालय समय के दौरान लापता रहने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से सोमवार से शुरू होने वाली वार्षिक परीक्षाओं को देखते हुए प्रशासन ने इस स्थिति को पूरी तरह से अस्वीकार्य घोषित किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने स्पष्ट आदेश दिया है कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में जिन कर्मचारियों का थोड़ा-बहुत कार्य बचा है, वे उसे विद्यालय समय के बाद पूरा करेंगे। परीक्षा के दौरान सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को सुबह नौ से अपराह्न तीन बजे तक अनिवार्य रूप से विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। यदि किसी कर्मचारी को निर्वाचन संबंधी अति आवश्यक कार्य के लिए जाना भी पड़ता है, तो वे इसे विद्यालय समय समाप्त होने के बाद ही करेंगे। आदेश का अनुपालन नहीं करने वालों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।