बरेली में स्पा सेंटर का स्टिंग ऑपरेशन करने वाले संगठन के पदाधिकारी ने सेंटर संचालिका से वीडियो डिलीट करने के नाम पर 40 हजार रुपये मांगे हैं। दोनों की बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
बरेली के बारादरी इलाके में स्पा सेंटर का स्टिंग करने वाले संगठन के ही पदाधिकारी वसूली करने पर उतर आए हैं। उनका सेंटर संचालिका से बातचीत का ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें वीडियो व कंटेंट हटाने के बदले पदाधिकारियों ने स्पा सेंटर संचालिका से चालीस हजार रुपये की मांग की। यह ऑडियो आशू यादव का बताया जा रहा है और इसमें जिला बदर रिषभ ठाकुर का नाम भी लिया जा रहा है।
विज्ञापन
बारादरी इलाके में युवा हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने एक स्पा सेंटर का स्टिंग किया था। सूचना पर बारादरी पुलिस पहुंची तो स्पा सेंटर बंद हो चुका था। अब स्टिंग ऑपरेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने के बदले चालीस हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत पर पुलिस ने वायरल ऑडियो की जांच शुरू कर दी है। अमर उजाला वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।
वायरल ऑडियो में युवक बोल रहा है कि पहले पेमेंट करा दो फिर कर्नल से बात करके खुद खड़ा होकर दफ्तर खुलवा दूंगा। दूसरी तरफ से युवती बोल रही है कि कर्नल की बात नहीं है, दफ्तर खुले या न खुले, पहले मेरा वीडियो हटवा दो। युवक बोल रहा है कि पैसे डलवा दो, सुबह वीडियो हटवा देंगे। पलटकर युवती कह रही है अभी वीडियो हटवा दो, सुबह पैसे मिल जाएंगे।