बहेड़ी। नैनीताल हाईवे पर गांव डांडी अभयचंद के पास बृहस्पतिवार दोपहर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। बाइक सवार प्रेमी युगल छिटककर दूसरी लेन में जा गिरे। इस दौरान हल्द्वानी की ओर से आ रहे ट्रक ने उनको रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पहचान क्योलड़िया के जरपा मोहनपुर निवासी सोमपाल (18) और मिथिलेश (25) के रूप में हुई। दोनों हेलमेट नहीं लगाए थे। इस दौरान हाईवे पर आधे घंटे तक जाम लगा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने यातायात बहाल कराया।
मिथिलेश के चचेरे भाई पप्पू और चाची ने बताया कि मिथिलेश के पिता का निधन हो चुका है। उसकी शादी सात साल पहले भोजीपुरा के जनक जागीर निवासी कृष्ण पाल से हुई थी। दो-तीन माह बाद दोनों अलग रहने लगे। सोमपाल से मिथिलेश के प्रेम संबंध पहले से थे। दोनों रुद्रपुर में नौकरी करते थे। अभी तीन माह पहले प्रेमी युगल रुद्रपुर से पीलीभीत किसी रिश्तेदार के पास गया था।
यह बात मिथिलेश के भाइयों को पता लगी तो उन्होंने सिठौरा के ग्राम प्रशासक राजेंद्र प्रसाद वर्मा की मौजूदगी में पंचायत कराई थी। इसमें युगल को अलग रहने की हिदायत दी गई थी। इसके बाद मिथिलेश के भाई संतोष और छत्रपाल भी रुद्रपुर में रहने लगे। ग्रामीणों के मुताबिक, सोमपाल रुद्रपुर स्थित एक फैक्टरी में मजदूर था। वह अविवाहित था। उसके पिता किसान हैं। युगल बृहस्पतिवार को वहां से गांव आ रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
वर्जन
दोनों शवों की शिनाख्त हो गई है। युवक अविवाहित था, जबकि युवती विवाहित थी। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बरेली भेजा गया है। - अरुण कुमार सिंह, सीओ बहेड़ी