फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अपडेटेड फाइल : वकील व उसके रिश्तेदारों पर चाकू से हमला मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली

Mon, 01 Jun 2026 01:57 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। शहर के प्रेमनगर इलाके में गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड जैसी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की गई। बिलाल घोसी नाम के शातिर ने वकील बृजेश मिश्रा और उनके मामा-मामी पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें वकील घायल हो गए। प्रेमनगर पुलिस ने एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। देर रात हुई मुठभेड़ में बिलाल घोसी को गिरफ्तार कर लिया। उसके दोनों पैर में गोली लगी है।
विज्ञापन


सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि प्रेमनगर पुलिस ने रात सवा 12 बजे जनकपुरी स्थित पुरानी रेलवे क्राॅसिंग पर बिलाल घोसी को घेर लिया। इस पर आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैर में गोली लगी और वह आरपीएफ बैरक के पास गिर पड़ा। उसके पास से तमंचा, कारतूस व वकील पर किए गए हमले में इस्तेमाल चाकू भी मिला है।

यह है मामला
सुभाषनगर निवासी एडवोकेट बृजेश मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात वह बगिया वाली गली गुलाबनगर में अपने मामा के घर गए थे। लौटते समय वह जैसे ही बाइक पर बैठे तो पीछे से आए बिलाल घोसी ने उनको पकड़ लिया। उन पर चाकू से हमला किया। मामा-मामी ने बचाने की कोशिश की तो बिलाल ने उनका गला दबाया और चाकू से उन पर भी हमला किया। जब पड़ोसी जुटने लगे तो जानलेवा हमले की चेतावनी देते हुए आरोपी माैके से भाग गया। पीड़ित वकील ने तुरंत 112 नंबर पर सूचना दी तो पुलिस पहुंची।
विज्ञापन


एक और रिपोर्ट
बृजेश मिश्रा के मामा सर्वेश मिश्रा ने एक और रिपोर्ट प्रेमनगर थाने में दर्ज कराई है। उन्होंने थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह को बताया कि वह गुलाबनगर की गली से जा रहे थे तभी बिलाल घोसी उन्हें मिला। उन्हें तमंचा दिखाकर धमकाया कि तुम्हारे भांजे ने मेरे खिलाफ रिपोर्ट कराई है, मैं तुम्हें और तुम्हारे भांजे दोनों की हत्या कर दूंगा।

बिलाल की वजह से किला थाने में हुई थी तोड़फोड़

बिलाल घोसी जिला बदर और गैंगस्टर है। उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। करीब छह साल पहले वह पहली बार तब चर्चा में आया जब दूसरे समुदाय की युवती को फुसलाकर ले गया और उसका फर्जी आधार कार्ड बनवाकर शादी का दावा किया। उसकी गिरफ्तारी न होने को लेकर हिंदू संगठनों के लोगों ने किला थाने का घेराव किया। तत्कालीन सीओ टू शाद मियां के खिलाफ नारेबाजी की गई। फिर थाने में तोड़फोड़ हुई तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ने की कोशिश की। लोग नहीं माने तो तत्कालीन आईजी राजेश पांडेय ने थाने जाकर उन्हें समझाया। इसके बाद उसके खिलाफ कई और मामले दर्ज हो चुके हैं लेकिन वह कोई न कोई हरकत करता रहता है।

गलती हो गई, अब बरेली में नहीं दिखूंगा
मुठभेड़ के बाद आरोपी बिलाल घोसी दर्द से कराहता दिखा। पुलिसकर्मियों से कहा कि गलती हो गई सर, माफ कर दीजिए। अब बरेली में नहीं दिखूंगा। आरोपी के इस बयान से संबंधित वीडियो भी वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें