बरेली में फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। भोजीपुरा थाना पुलिस ने पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से तीन लाख 50 हजार रुपये नकद, 28 चेकबुक, सात बैंक पासबुक, 75 डेबिट कार्ड, आठ आधार कार्ड, फर्जी पहचान पत्र, दो पैन कार्ड और 12 मोबाइल फोन समेत काफी मात्रा में सामान बरामद हुआ है।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरोह के सदस्य फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोगों से संपर्क करते थे और उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर लोन की रकम हासिल करते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे लोगों के आधार कार्ड में पता बदलकर नए सिम हासिल करते थे, जिसके बाद अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाकर फर्जी पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार किए जाते थे।