चावल लेकर आते समय हादसा, परिजनों ने शव को किया सुपुर्द ए खाक
शेरगढ़। क्षेत्र के रम्पुरा बैरमनगर संपर्क मार्ग पर गड्ढे में ई-रिक्शा के पलटने से नीचे दबकर एक वृद्ध की रविवार को मौत हो गई। वह धौराटांडा से ई-रिक्शा में चावल लेकर घर लौट रहे थे। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव बैरमनगर निवासी 60 वर्षीय मुन्ने अपने भतीजे खालिद के ई-रिक्शा से गांव के ही शराफत के साथ धौराटांडा में चावल लेने गए थे। करीब एक क्विंटल वजन से अधिक चावल के कट्टे लेकर वापस घर आ रहे थे। आते समय रम्पुरा बैरमनगर संपर्क मार्ग पर दयानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नजदीक सड़क पर खुदे पड़े गड्ढे में ई-रिक्शा फंसकर पलट गया। नीचे दबने से मुन्ने गंभीर घायल हो गए। शराफत को हल्की चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने उपचार के लिए बरेली भेजा है। इसी बीच रास्ते में मुन्ने की मौत हो गई। संवाद
गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने कार में मारी टक्कर, रिपोर्ट
नवाबगंज। गन्ने से लदी एक ट्रैक्टर-ट्राॅली ने सामने से आ रही कार में टक्कर मार दी। इसमें कार चालक और स्वामी गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा। मौका मिलते ही ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया।
कोतवाल अरुण कुमार के अनुसार बरेली के थाना इज्जतनगर भगवानपुर धिमरी गांव के निवासी अरमान हुसैन कार से जनपद पीलीभीत के थाना जहानाबाद गांव के गोच से अपनी कार से नवाबगंज आ रहे थे। बरखन गांव के पास ओवरलोडेड गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने कार में टक्कर मार दी। इसमें कार चालक फरदीन और स्वामी अरमान हुसैन गंभीर घायल हो गए। घटना की रिपोर्ट कार स्वामी ने आरोपी चालक के खिलाफ थाना नवाबगंज में दर्ज कराई है। संवाद
बाइक खाई में गिरी, युवक की मौत
आंवला। आंवला-बिसौली रोड पर रविवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीरघायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। परिजनों के अनुसार बिसौली थाना क्षेत्र के गांव सिचौली निवासी 45 वर्षीय गिरीश अपने साथी नन्हें के साथ रात में आंवला क्षेत्र के एक गांव में अपनी रिश्तेदारी में आ रहे थे। आंवला-बिसौली रोड पर मनौना गांव पहुंचने से पहले उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। दोनों लोग गंभीर घायल हो गए। सीएचसी ले जाने के बाद डॉक्टरों ने गिरीश को मृत घोषित कर दिया, जबकि नन्हे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। संवाद
खंभे से टकराया टेंपो, चालक घायल
भमोरा। आंवला से टेंपो लेकर घर लौट रहे थाना क्षेत्र के गांव हजरतपुर निवासी जहीरूद्दीन का टेंपो रविवार शाम इफको मटेरियल गेट के पास अनियंत्रित होकर एक खंभे से टकरा गया। इससे टेंपो पलट गया और टेंपो चला रहे जहीरूद्दीन गंभीर घायल हो गए। वहां से निकल रहे राहगीरों ने पुलिस के साथ उनके गांव फोन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भमोरा भेजा। वहीं, परिवार से पत्नी हूरबानो के साथ भतीजा दिल पुकार भी पहुंच गया। यहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया है। संवाद