बरेली। मौसम का बदलता तेवर लोगों की सेहत बिगाड़ रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचे 18 सौ नए मरीजों में से करीब 30 फीसदी डिहाइड्रेशन और वायरल बुखार की चपेट में रहे।
फिजिशियन डॉ. अंकित मौर्य के मुताबिक, अगस्त की शुरुआत बारिश से हुई, पर इधर चार दिनों से धूप और उमस से तापमान सामान्य से अधिक जा पहुंचा। दो दिनों से दिनभर धूप और शाम को बादल मंडरा रहे हैं। ऐसे में रात में एसी, कूलर के सामने साेने से तबीयत बिगड़ रही है। इलाज कराने आए ढाई सौ मरीजों में डेढ़ सौ पेट दर्द, ऐंठन, दस्त, उच्च रक्तचाप समेत अन्य समस्याओं से पीड़ित रहे। जांच के बाद दवा दी गई।
डॉ. अंकित ने बारिश के मौसम में लोगों को रात में एसी का तापमान 22 या इससे अधिक रखने का सुझाव दिया है। वहीं, कूलर की ओर सिर करके नहीं सोने के लिए कहा है। मच्छरों और कीटाें से बचाव के लिए खिड़की पर जाल या कीटनाशक छिड़काव के लिए भी कहा है।
जिला अस्पताल में हेल्थ एटीएम से जांच शुरू
फोटो
छह माह से ऑपरेटर के अभाव में बंद पड़ा जिला अस्पताल का हेल्थ एटीएम सोमवार से शुरू हुआ। ऑपरेटर मुर्शीद की तैनाती के बाद जांचें शुरू हुईं। मुर्शीद के मुताबिक, अभी लंबाई, वजन, तापमान, पल्स, ब्लड प्रेशर, कान में गंदगी, ब्लड शुगर, आंखों की जांच हो रही है। रक्त संबंधी अन्य जांच के लिए रीजेंट मांगे गए हैं।