बरेली। जिले के 19 केंद्रों पर सिपाही भर्ती परीक्षा आज से होगी। आठ, नौ व 10 जून को दो-दो पालियों में होने वाली परीक्षा में सात जिलों के कुल 52416 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए पुलिस विभाग ने पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक प्रभारी निरीक्षक को केंद्र प्रभारी के तौर पर नियुक्त किया गया है। इनके अलावा, एक सेक्टर और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी केंद्र पर की गई है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (यूपीपीआरपीबी) की ओर से आयोजित होने वाली इस परीक्षा में आगरा, बदायूं, पीलीभीत, रामपुर, बिजनौर, सीतापुर और हरदोई के परीक्षार्थी शामिल होंगे। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी।
हर पाली में परीक्षार्थियों की संख्या 8736 होगी। केंद्र को सीसी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। कंट्रोल रूम परीक्षा केंद्र पर ही होगा जबकि केंद्रीय कंट्रोल रूम पुलिस लाइन में बनाया गया है। कुल 19 सेक्टर और इतने ही स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। पुलिस के आलाधिकारी औचक निरीक्षक में रहेंगे।
परीक्षा केंद्रों पर हर अभ्यर्थी के आधार का सत्यापन होगा। ई-केवाईसी के लिए आइरिश आधारित बायोमीट्रिक जांच की जाएगी। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश मिल सकेगा। प्रत्येक महिला अभ्यर्थी की जांच एनक्लोजर में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही की जाएगी।
सभी अभ्यर्थी प्रवेश पत्र, आधार कार्ड एवं नीले या काले पेन के अतिरिक्त किसी अन्य सामग्री के साथ केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, नोट्स व अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं पर सख्ती से रोक रहेगी।
केंद्र पर पुलिसकर्मी भी नहीं कर सकेंगे फोन का इस्तेमाल
परीक्षा को लेकर सुरक्षा काफी सख्त की गई है। परीक्षा केंद्र पर पुलिसकर्मी भी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। इसके लिए सख्त हिदायत दी गई है। नोडल अधिकारी एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खां ने बताया कि तीन दिन में छह पालियों में कुल 52426 परीक्षार्थी शामिल होंगे। केंद्रीय कंट्रोल रूम में मौजूद अधिकारी सीसी कैमरों की मदद से निगरानी करेंगे। हर गतिविधि पर नजर रखेंगे और अनियमितता पर तुरंत सूचना देंगे।
अभ्यर्थियों की सुविधाओं का भी रखा जाएगा ख्याल
अभ्यार्थियों के लिए तंबू, पेयजल और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीमें प्रत्येक केंद्र पर तैनात रहेंगी। इन टीमों के पास ओआरएस और ग्लूकोज की व्यवस्था रहेगी। इमरजेंसी होने पर एंबुलेंस की भी व्यवस्था रहेगी।
बरेली कॉलेज व बरेली इंटर कॉलेज में पश्चिमी गेट से होंगे प्रवेश
सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए बरेली कॉलेज व बरेली इंटर कॉलेज आने वाले परीक्षार्थियों को पश्चिमी गेट (कालीबाड़ी मंदिर की तरफ) से प्रवेश मिलेगा। मानसिक चिकित्सालय की तरफ स्थित पूर्वी गेट को बंद रखा जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी अपने दो पहिया वाहन या ई-रिक्शा से जा सकेंगे।