10 किमी दूर फरीदपुर जाने के लिए 60 किमी का चक्कर
मुढ़ा गांव के प्रशासक एजेंड कार सिंह यादव ने बताया कि पुल से फरीदपुर की दूरी 10 किलोमीटर है। पुल अधूरा है, इस वजह से बेलाडांडी या बरेली होकर 60 किलोमीटर की दूरी तय कर फरीदपुर आना पड़ता है। यहां रामगंगा पर स्थानीय स्तर पर पहले नाव चलती थी, लेकिन अब मोटर बोट से आवागमन होता है। बरसात में यह साधन भी बंद हो जाते है लेकिन वाहनों के लिए बेलाडांडी और बरेली वाला मार्ग ही अपनाना पड़ता है। गांव मुढ़ा की लगभग 4000 बीघा जमीन रामगंगा के पार है, इस जमीन पर खेती करने के लिए नाव अथवा ट्यूब के सहारे नदी पार करनी पड़ती है।
पुल बनने से इन गांवों को मिलेगा
दातागंज क्षेत्र के केमुढ़ा, सबलपुर, नवदिया, धिमरपुरा, करीमगंज, भूड़ा, संजनिया, परेवा, सादुल्लागंज, डहरपुर, पैरहा, धीरावरी, बौथरिया और चुटमुरी आदि 60 ग्राम ऐसे हैं, जिन्हें पुल बनने के बाद सीधा लाभ मिल सकता है, इसी तरह बरेली जनपद के खल्लपुर, हृदयपुर, मनपुरा, गौसगंज, मोहनपुर, ढुढरुआ, गुर्जर गोटिया, अहीर गोटिया, धीरपुर, नवदिया और मढै़या आदि 50 गांव को पुल का सीधा लाभ मिलेगा।
ग्राम प्रशासक ने बताया कि रामगंगा पर पुल न होने की वजह से पांच वर्षों में करीब 12 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। खललपुर गांव की तीन लड़कियां एकसाथ डूब गई थीं। समरेर गांव के राकेश के भाई, धिमरपुरा के रघुवीर का पुत्र, मुढ़ा गांव के सिपट्टर और इसी गांव के महिपाल की पत्नी और 10 वर्षीय पुत्र आदि की डूबने से मौत हो चुकी है। पुल बनने से बड़ी राहत मिलेगी लेकिन कब बनेगा, इस पर असमंजस है।
ग्रामीण सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि रामगंगा पार नाव के जरिए ही आना-जाना रहता है। पुल न बनने से बहुत दिक्कत है। बाइक लेकर जाने से नाव वाले कभी 40 तो कभी 50 रुपये लेते हैं। अशोक यादव ने बताया कि पुल न बनने से घूमकर बरेली के लालफाटक की ओर से होकर फरीदपुर जाना पड़ता है। कई बार धनराशि स्वीकृत होने की सूचनाएं पढ़ीं लेकिन पुल नहीं बना है।
ग्रामीण मुकेश कुमार ने बताया कि यह पुल हादसा होने से पहले से बंद है। पहले एप्रोच रोड हल्की बनी थी। उसके बाद वह रामगंगा में बह गई। पुल न बनने से करीब 15 किलोमीटर की दूरी 60 किलोमीटर तक पहुंच गई। नाव या ट्यूब में बैठकर जाना पड़ता है।
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन नरेश कुमार ने बताया कि मुढ़ा पुल बनाने के लिए शासन को फाइल भेजी गई है। वहां से स्वीकृति का इंतजार हो रहा है। करीब 150 मीटर पुल की लंबाई बढ़ाई जाएगी। साथ ही गाइड बंद बनेंगे, ताकि रामगंगा का बहाव का असर पुल पर न हो। साथ ही एप्रोच रोड भी बनेगी। इस पर करीब 140 करोड़ रुपये खर्च आएगा। स्वीकृति मिलने के बाद में जल्द ही काम शुरू करा दिया जाएगा।