बरेली। मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को होने वाली बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की बोर्ड बैठक में शहर के नियोजित विकास पर मंथन होगा। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर के चारों जोन का जोनल डेवलपमेंट प्लान तैयार करना है, जिस पर अंतिम मुहर लग सकती है। प्राधिकरण की इस पहल से शहर के बुनियादी ढांचे और आवासीय विस्तार को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
शहर के बढ़ते दायरे को देखते हुए प्राधिकरण ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। दरअसल, महायोजना-2031 के तहत बीडीए पहले जोन दो और छह से काम कराने को प्राथमिकता दे रहा था, लेकिन बाद में जोन तीन और चार को भी बढ़ा लिया गया। यानी अब छह में से चार जोने में काम की शुरुआत होगी। इन जोनों को शामिल करने की मुख्य वजह वहां तेजी से बढ़ रहीं आवासीय गतिविधियां और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की संभावनाएं हैं। अधिकारियों का मानना है कि इन क्षेत्रों में यातायात और सामुदायिक सुविधाओं के नियोजित विकास की अपार क्षमता है, जिसे समय रहते व्यवस्थित करना आवश्यक है।
बोर्ड बैठक में यदि इन चार जोन के जोनल डेवलपमेंट प्लान के लिए वर्क ऑर्डर जारी करने के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल जाती है तो ई-निविदा के माध्यम से कंसल्टेंट चयन की प्रक्रिया में तेजी आएगी। इससे शहर के नियोजित विकास के साथ ही अवैध और अव्यवस्थित निर्माण पर प्रभावी रोक लगाने में भी मदद मिलेगी।
बोर्ड के सदस्य पार्षद राजेश अग्रवाल ने बताया कि बीडीए से शहर को छह जोन में बांटने के लिए कहा जा रहा था। ज्यादा जोन होने से शहर के विकास को रफ्तार मिलेगी। छोटी सड़कें, नालों आदि का काम जल्दी हो सकेगा। बीडीए शहर के हर ओर अपनी कॉलोनियां विकसित कर रहा है। शहर में नई सड़कें बनने व पुरानी सड़कों का चौड़ीकरण होने से लोगों के समय की बचत होगी।