फरीदपुर। जमीन की रजिस्ट्री कराने आई महिला का पर्स सोमवार को चोरी करने के आरोप में किशोर को रस्सी से बांधकर पीटने पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। किशोर को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया है।
भुता क्षेत्र के रहने वाले वैभव अपनी बहन के साथ सोमवार दोपहर फरीदपुर में जमीन की रजिस्ट्री कराने आए थे। दस्तावेज लिखवाते समय बहन का पर्स सीट पर रखा था। आरोप है कि एक किशोर ने मौका पाकर पर्स उठा लिया और भागने लगा। शोर करने पर आसपास के लोगों ने किशोर को पकड़ लिया। उसको पेड़ के सहारे रस्सी से बांधकर पीटा। भाई-बहन ने लोगों को रोका लेकिन भीड़ नहीं मानी। वे किशोर को किसी तरह छुड़ाकर थाने ले गए। कोई कार्रवाई न करने का पत्र दिया। पूछताछ में किशोर ने पुलिस को अलग-अलग पते बताए। पहले राजस्थान का निवासी बताया। चाइल्ड लाइन की टीम को बताया कि वह मध्यप्रदेश का निवासी है।
फरीदपुर सीओ संदीप सिंह ने बताया की वायरल वीडियो के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वीडियो के आधार पर शिनाख्त करके आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।