कुर्सी। कुर्सी विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार रात फॉल्ट के चलते इनकमिंग फीडर में अचानक तेज धमाके के बाद आग लग गई। इस घटना में उपकेंद्र की मशीन और विद्युत तार जल गए। जिसके चलते करीब 500 गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप हो जाने से लोगों को उमस भरी गर्मी में काफी परेशानी उठाना पड़ी।
प्रभावित गांवों में कुर्सी, बहरौली, अनवरी, अमरसंडा, टिकैतगंज, लोहारहर, अब्बास नगर, बबुरी गांव, बसरा, धरसंडा और इनायतपुर शामिल हैं। फॉल्ट के कारण रात दो बजे बाधित हुई बिजली आपूर्ति दूसरे दिन दोपहर दो बजे बहाल हो पाई। बिजली गुल होने के कारण उमस भरी गर्मी के साथ ही पेयजल के लिए भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उपखंड अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि इनकमिंग फीडर में हुए धमाके के कारण ही विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी। दोपहर में सप्लाई चालू कर दी गई।
250 गांवों को ट्रिपिंग से बढ़ी परेशानी
सूरतगंज। सूरतगंज उपकेंद्र से जुड़े 250 गांवों की चार लाख आबादी बिजली संकट से परेशान हाल है। उन्हें 24 घंटे में केवल आठ घंटे बिजली आपूर्ति मिल पा रही है। इस दौरान भी ट्रिपिंग के कारण घंटों सप्लाई बाधित बनी रहती है। उपकेंद्र को निंदूरा और मरकामऊ से 33 हजार वोल्ट की दो लाइनों से बिजली आपूर्ति होती है। ग्रामीणों का आरोप है कि 33 हजार की लाइन में आए दिन फॉल्ट होने से आपूर्ति बाधित बनी रहती है। उधर, त्रिलोकपुर क्षेत्र में बृहस्पतिवार भोर में करीब दो बजे तेज हवा के कारण 33 केवीए मुख्य लाइन पर बेरिया गांव के पास यूकेलिप्टस का पेड़ गिर गया। इससे त्रिलोकपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े 96 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते करीब 90 हजार लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ा। सुबह 11 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। (संवाद)