बीआरसी शिवपुरा में प्रमाण पत्र देकर विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित ।-स्रोत: विभाग
हरैया सतघरवा। ब्लॉक संसाधन केंद्र में बृहस्पतिवार को ब्लॉक स्तरीय हमारा आंगन हमारे बच्चे उत्सव, आदर्श बाल वाटिका लर्निंग कॉर्नर और टीएलएम प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी पल्लवी सचान रहीं। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान बाल वाटिका के तहत बच्चों की शैक्षणिक तैयारी से जुड़ी गतिविधियों, खेल आधारित शिक्षण विधियों और टीएलएम के माध्यम से सीखने के नवाचारों का प्रदर्शन किया गया। संचालन कर रहे एआरपी निर्मल कुमार द्विवेदी ने बताया कि को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं व पांच से छह वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
विभिन्न लर्निंग कॉर्नर में बच्चों ने अक्षर पहचान, संख्या ज्ञान, रंगों की पहचान और सृजनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया। बीईओ ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे बच्चों को विद्यालय की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें प्रारंभिक शिक्षा के लिए तैयार करना है, ताकि वे आगे की पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इस अवसर पर एआरपी उमाशंकर गुप्ता, नोडल संकुल शिक्षक राजेंद्र प्रसाद गुप्त, अरुण कुमार तिवारी, सत्य प्रकाश पाठक, नोडल एआरपी चंद्रेश मिश्रा, विकास कुमार मिश्रा, हीरालाल आर्य, रेनू कुमार, विनोद पांडे, शरद तिवारी, विजय पटेल व देवेंद्र आदि मौजूद रहे।