शिवपुर के असवा मोहम्मदपुर का बंद सामुदायिक शौचालय।
शिवपुर। ग्रामीणों को मिलने वाली सुविधाएं कागजों तक ही सीमित नजर आ रही हैं। धरातल पर व्यवस्थाओं का हाल जानने के लिए रविवार को पड़ताल की गई तो ग्राम पंचायत असवा मोहम्मदपुर का सामुदायिक शौचालय बंद और गंदगी से भरा मिला। ग्रामीणों का कहना है कि यह शौचालय कई महीनों से नहीं खुला है।
शौचालय के अंदर देखने पर भी साफ दिखा कि काफी समय से इसकी सफाई नहीं हुई है। परिसर में गंदगी पसरी हुई थी। गांव निवासी मनीष ने बताया कि सामुदायिक शौचालय कभी-कभार भी नहीं खुलता। ग्रामीणों के लिए इसका निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब शौचालय बंद रहता है तो इसकी देखरेख के लिए तैनात केयरटेकर को किस काम के लिए वेतन दिया जा रहा है। खंड विकास अधिकारी आलोक वर्मा ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं था। इसकी जांच कराई जाएगी और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।