बागपत। हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने दुकान पर बैठे व्यापारी पर गोलियां चलानी शुरू कीं तो बेटा उन्हें बचाने के लिए बदमाशों से भिड़ गया। विकास ने वरुण को धक्का देकर गिराया, तभी दूसरे बदमाश ने सटाकर गोली मार दी। इससे विकास की भी माैत हो गई।
घटना के समय टेंट व्यापारी सोहनलाल अकेले ही दुकान पर बैठे हुए थे। वहीं दुकान के बाहर कुछ ग्राहक खड़े थे। इसी दाैरान हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी पिस्टल लेकर वहां पहुंचा और सोहनलाल पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलियों की आवाज सुनकर विकास दौड़ता हुआ बाहर आया और वरुण से भिड़ गया। विकास ने धक्का देकर वरुण से पिस्टल छीनने की कोशिश की, तभी दूसरे बदमाश ने विकास को गोली मार दी। घटना के बाद माैके पर लोग भी इकट्ठा हो गई। उधर, घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए।
-सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
49 सेकेंड की सीसीटीवी फुटेज में पूरा घटनाक्रम कैद हो गया। बदमाश किस अंदाज में आए और कैसे घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। कुछ ही देर में बदमाशों ने पिता और पुत्र की हत्या कर दी। पुलिस ने इस सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।
-फरवरी में हुई थी शादी, चार माह में उजड़ गई दुनिया
टेंट व्यापारी सोहनलाल के इकलौते बेटे विकास की शादी फरवरी माह में हरिद्वार की रहने वाली नेहा के साथ हुई थी। उसकी पत्नी दो माह की गर्भवती है। शादी के चार माह बाद ही विकास की हत्या से नेहा की दुनिया ही उजड़ गई। उधर, पति और बेटे की हत्या के बाद उषा देवी बेहोश हो गईं, जिन्हें परिजनों ने संभाला।