- पिछले वर्ष जिले में बनाए गए थे 37 परीक्षा केंद्र, 28127 विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा
- इस बार 26257 से अधिक विद्यार्थी देंगे परीक्षा, सभी विद्यार्थियों की सूची अपलोड की
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों का सत्यापन करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बृहस्पतिवार को केंद्रों का निर्धारण कर दिया जाएगा और अंतिम मुहर लग जाएगी। इसके बाद प्रशासन व शिक्षा विभाग केंद्रों पर व्यवस्था को पूरी करने में जुट जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा देने में किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
जिले में पिछले वर्ष 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे और यहां 28127 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इस बार हाईस्कूल में 13633 तो इंटरमीडिएट में 12624 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर विद्यालयों का सत्यापन करने के लिए अफसरों की टीम का गठन किया गया था। अफसरों ने सत्यापन करने के बाद रिपोर्ट को वेबसाइट पर अपलोड कर दिया था। अब बृहस्पतिवार को केंद्रों के निर्धारण को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस बार केंद्रों की संख्या कम होने की उम्मीद है, क्योंकि विद्यार्थियाें की संख्या भी कम हो गई है।
विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए ही केंद्र बनाए जाएंगे। बृहस्पतिवार को केंद्रों की निर्धारण कर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से सूची जारी कर दी जाएगी। सूची आने के बाद प्रशासन व शिक्षा विभाग के अधिकारी केंद्रों पर व्यवस्थाओं को ठीक करने में जुट जाएंगे। इससे पहले केंद्रों को लेकर विद्यालयों से आपत्ति मांगी जाएगी और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को केंद्रों का निर्धारण होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।