सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र के अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दोनों युवकों की बाइक क्षतिग्रस्त हुई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा अंबाला रोड पर एक बैंक्वेट हॉल के सामने हुआ। हसनपुर निवासी चंद्रशेखर ने बताया कि 31 वर्षीय भाई विश्वास पांच की रात नौ बजे यमुनानगर से काम करके दोस्त की बाइक से घर लौट रहा था। जब वह अंबाला रोड पर बैंकेट हॉल से करीब 500 मीटर पहले पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विश्वास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन चालक भाग गया था।
दूसरा हादसा होजखेड़ी रजवाहे की पटरी के पास हुआ। भाऊपुर निवासी मुस्तफा उर्फ अरबाज ने बताया कि दो फरवरी की शाम भाई सलमान बाइक से दोस्तों से मिलने गया था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने कई बार मोबाइल पर संपर्क किया। काफी देर बाद सलमान के मोबाइल से एक व्यक्ति ने फोन उठाया और खुद को ऑयल इंडिया पाइपलाइन का कर्मचारी बताते हुए बताया कि एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा है और पास में उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त अवस्था में है। मौके पर देखा कि सलमान गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हादसे की जांच में जुटी है।