रमाला। इब्राहिमपुर माजरा गांव में शुक्रवार की सुबह कूड़ा डालने और घर के सामने ब्रेकर बनाने को लेकर मदनपाल और तेजपाल पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। इसमें दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। घायलों को बड़ौत सीएचसी में भर्ती कराया गया।
इब्राहिमपुर माजरा गांव निवासी मदनपाल ने बताया कि पड़ोस के तेजपाल ने अपने घर के सामने गली में ब्रेकर बना दिया है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने ब्रेकर बनाने का विरोध करने पर उसके घर के सामने गोबर डाल दिया। इसका विरोध करने पर आठ-दस लोगों ने लाठी-डंडों से उसके परिवार पर हमला कर दिया। इसमें मदनपाल, देशपाल और मोनू घायल हो गए। दूसरे पक्ष के आदेश ने बताया कि मदनपाल के मकान के पास बने कूड़ाघर में कूड़ा डालने गए थे। मदनपाल पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। पिटाई से आदेश, अनुज और तेजपाल घायल हो गए। आदेश का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उस पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास भी किया, जिसके नीचे आने से उसकी साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई और वह घायल हो गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद देशपाल, मोनू, आदेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस मामले में क्षेत्राधिकारी अंशु जैन ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत मिल गई है, जिसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।