- दोघट कस्बे में शनिवार को हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी ने शिव दुर्गा मंदिर में बैठक कर जुलूस निकाला
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट (बागपत)। कस्बे के शिव दुर्गा मंदिर में शनिवार को बिना अनुमति बैठक करने और जुलूस निकालकर शस्त्र प्रदर्शन करने पर पुलिस ने कार्रवाई कर दी। इसमें हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी समेत 14 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कस्बे के मुख्य बाजार में दुर्गा शिव मंदिर में शनिवार को बिना अनुमति हिंदू रक्षा दल कार्यकर्ताओं ने बैठक की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कस्बे में जुलूस निकालते हुए शस्त्र प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इसकी वीडियो मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और एसआई विरेंद्र सिंह ने दोघट थाने में तहरीर दी। एसआई की तहरीर के आधार पर हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी, अमित प्रजापति, धर्मपाल, श्रवण चंदेल, सन्नी बजरंगी निवासी लोनी गाजियाबाद, आकाश ठाकुर, अमित प्रजापति, जिलाध्यक्ष संदेश शर्मा, सतीश निवासी दोघट, गौरव राणा दाहा, वरुण शर्मा निवासी इदरीशपुर, गोविंद माजरा, अंकित बूढ़पुर, सिद्धार्थ शर्मा निवासी बड़ौत, जयभगवान शर्मा प्रदेश उपाध्यक्ष और 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
उधर, जुलूस के दौरान कस्बे में तनाव का माहौल बन गया। इस मामले में जांच अधिकारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर पहचान कर कार्रवाई की गई है। एक नामजद आरोपी जिलाध्यक्ष संदेश शर्मा को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया गया है।