फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Baghpat: ऊपर का हिस्सा कंकाल, धड़ सुरक्षित, बुरे हाल मिला भट्ठे के लापता मुनीम का शव, परिजनों की निकली चीख

Sun, 05 Jul 2026 11:26 AM IST
Mohd Mustakim अमर उजाला नेटवर्क, बागपत

सार

29 जून की सुबह लुहारी गांव से दो युवक सचिन को अपने साथ ले गए थे, तब से वह लापता था। सचिन का शव ईख के खेत में मिला, तो उसकी हालत देखकर सब हैरान रह गए। परिजनों ने हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। 
Register For Event
विज्ञापन
सचिन की फाइल फोटो और पोस्टमार्टम हाउस पर परिजन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बड़ौत स्थित लुहारी गांव से सात दिन से लापता ईंट भट्ठे के मुनीम सचिन (38) का शव शनिवार सुबह ढिकाना गांव के एक खेत में मिला। शव का ऊपरी हिस्सा कंकाल बन चुका था, जबकि पैर ठीक थे। परिजनों ने पैंट और मोबाइल से शव की पहचान की। वहीं परिवार वालों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा भी किया। पुलिस ने हत्या सहित अन्य सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

 

सचिन के भाई सोम कुमार ने गांव के दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पहचान छुपाने के लिए तेजाब से शव को जलाया गया। सचिन पिछले 15 साल से ढिकाना गांव के एक ईंट भट्ठे पर मुनीम थे। 29 जून की सुबह पड़ोस के दो युवक सचिन को घर से बुलाकर बाइक पर अपने साथ ले गए थे। कई घंटे बाद वे युवक वापस लौट आए लेकिन सचिन नहीं आया। सचिन की भाभी पूनम ने युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिए।
 

परिवार ने एक जुलाई को बड़ौत कोतवाली में सचिन की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने गुमशुदगी के बाद सचिन को तलाश करने में गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने अधिकारियों के पास भी शिकायत की और खुद भी सचिन की तलाश में जुटे रहे। परिवार का कहना है कि इसके बाद भी पुलिस ने तलाश करने की जरूरत नहीं समझी।
 

शनिवार सुबह ढिकाना गांव के किसान आशीष तोमर के ईख के खेत में घास काटने गई महिलाओं को खेत में शव मिला। सूचना पर किसान आशीष ने पुलिस को बुलाया। सोम कुमार ने परिवार के साथ पहुंचकर कपड़े और मोबाइल से शव की पहचान सचिन के रूप में की। शव मिलने पर परिवार वाले भड़क गए और उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्होंने पड़ोस के दो युवकों पर हत्या और तेजाब से शव जलाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
 

पहले हमें धमकाया, फिर दो घंटे बैठाकर छोड़ दिए दोनों युवक
लुहारी गांव के सचिन के लापता होने के मामले में परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की और संदिग्ध युवकों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। सचिन के भाई सोम कुमार ने बताया कि 29 जून को सचिन वापस नहीं आया। तलाश करने पर भी उसका कुछ पता नहीं चला। उन्होंने आरोप लगाया कि एक जुलाई को बोहला चौकी में शिकायत की तो पुलिसकर्मियों ने धमकाकर भगा दिया। शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई और फोन करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई। 

आरोप है कि बोहला चौकी के पुलिसकर्मियों ने दो संदिग्ध युवकों को बुलाया, दो घंटे बैठाकर खानापूर्ति के बाद छोड़ दिया। सचिन के साले दीपक ने बताया कि 30 जून को उन्होंने उन युवकों से संपर्क किया, जिनके साथ सचिन गए थे। युवकों ने सचिन को कभी ईंट भट्ठे, कभी नलकूप तो कभी अन्य जगह छोड़ने की जानकारी दी। बार-बार बयान बदलने से परिजनों को सचिन के साथ अनहोनी का शक हुआ।
 

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
लुहारी गांव के सचिन के माता-पिता की मौत हो चुकी है, जो दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी पूनम, दो बेटी और एक बेटा है। सोम कुमार एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करते थे।

फोरेंसिक एक्सपर्ट करेंगे पोस्टमार्टम, सीएमओ ने पत्र लिखा
लुहारी गांव के मुनीम सचिन के कंकाल बने शव का पोस्टमार्टम अब विधि विज्ञान विशेषज्ञ की मौजूदगी में होगा। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए चिकित्सक ने विधि विज्ञान विशेषज्ञ बुलाने की मांग की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) तीरथलाल ने मेरठ के अपर निदेशक को पत्र लिखकर मेरठ या गाजियाबाद से विधि विज्ञान विशेषज्ञ भेजने का अनुरोध किया है। सचिन का धड़ कंकाल में बदल चुका था, जबकि शरीर का निचला हिस्सा ठीक था। सीएमओ तीरथलाल ने बताया कि विधि विज्ञान विशेषज्ञ के आने तक शव को फ्रिज में सुरक्षित रखवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि रविवार या सोमवार को विधि विज्ञान विशेषज्ञ की उपस्थिति में दो चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा।
 
विज्ञापन

ये बोले एसपी
लापता मुनीम सचिन के कंकाल बने शव की जांच जारी है। शव का आधा हिस्सा कंकाल हो चुका है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विधि विज्ञान विशेषज्ञ पोस्टमार्टम करेंगे। पुलिस सामान्य मौत और हत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
-सूरज कुमार राय, एसपी।

ये भी देखें...
दिल्ली-दून ई वे धंसा: बड़ी चूक पर हल्की कार्रवाई, जिम्मेदार अफसरों को सिर्फ नोटिस, पहले भी मिलीं ये खामियां
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें