बालैनी स्थित पुरा महादेव-बुढ़सैनी मार्ग पर देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तब हुआ, जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
घर पर विलाप करती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
दुर्घटना पुरा महादेव-बुढ़सैनी मार्ग पर हुई। मृतक युवकों की पहचान 19 वर्षीय गोविंद पुत्र महेश और 18 वर्षीय अमन पुत्र लोकेश के रूप में हुई है। दोनों युवक पुरा महादेव गांव के निवासी थे और सराय रोम्स पिज़्ज़ा में काम करते थे। वे काम खत्म करके बृहस्पतिवार देर शाम अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी एक अनियंत्रित वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार तीसरा युवक विशेष पुत्र बबलेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल विशेष को तुरंत निकटतम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और वाहन की तलाश शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इस दुखद घटना से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।