समाजवादी छात्रसभा ने किया विरोध
- फोटो : अमर उजाला
आजमगढ़ में हरिऔध कला केंद्र में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होने पहुंचे कुलपति का समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। कार्यक्रम स्थल के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रसभा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इससे मौके पर कुछ देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लेकर कोतवाली चली गई।
हरिऔध कला केंद्र में आरएसएस की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव कुमार मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होने पहुंचे थे। इसकी जानकारी होने पर समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए और कुलपति के कार्यक्रम में शामिल होने का विरोध करने लगे। कार्यकर्ताओं ने कुलपति के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल से दूर रखने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और छात्रसभा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया।
विरोध कर रहे छात्रसभा कार्यकर्ताओं का कहना था कि विश्वविद्यालय के कुलपति को किसी राजनीतिक अथवा वैचारिक संगठन के कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होने से बचना चाहिए। वहीं, कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की मौजूदगी में आयोजन जारी रहा। मामले को लेकर काफी देर तक मौके पर गहमागहमी बनी रही। पुलिस से धक्का मुक्की के बाद पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची।