अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे की गणना और प्रबंधन से जुड़े गड़बड़ी प्रकरण की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार बढ़ गया है। जांच के लिए तय 15 दिन की समयसीमा पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी तक फाइनल रिपोर्ट शासन को नहीं सौंपी गई है। अब संभावना जताई जा रही है कि एसआईटी जुलाई के पहले सप्ताह में एक बार फिर अयोध्या पहुंचकर कुछ बिंदुओं का सत्यापन करने के बाद अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपेगी।
सूत्रों के अनुसार एसआईटी ने अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि परिसर में कई घंटे तक जांच की थी। टीम ने ट्रस्ट, बैंक और गणना प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ ही विभिन्न अभिलेखों का भी परीक्षण किया था। इसके बाद 23 जून को एसआईटी ने शासन को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप दी थी। जानकारी के मुताबिक प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर कुछ अतिरिक्त तथ्यों और दस्तावेजों के सत्यापन की आवश्यकता महसूस की गई है। इसी वजह से अंतिम रिपोर्ट तैयार करने से पहले एसआईटी का दोबारा अयोध्या आना प्रस्तावित माना जा रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कथित अनियमितताओं के संबंध में किन अधिकारियों या कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय होती है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी। इस रिपोर्ट पर शासन के साथ-साथ श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की भी नजर बनी हुई है।