बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के गांव नौगांव में मंगलवार को एक मजदूर ने फंदे से लटक कर जान दे दी। गांव नौगांव निवासी धीर प्रताप सिंह (23) पंजाब में मजदूरी करता था।
मंगलवार शाम गांव से करीब 500 मीटर दूर उसके खेत में नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। वहां से निकल रहे राहगीरों ने उसके शव देख परिजन को सूचना दी। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन और परिजन से पूछताछ के बाद शव को फंदे से उतार लिया।
पूछताछ में परिजन ने बताया कि छह दिन पहले ही युवक पंजाब से घर आया था। बुधवार को उसने वापस जाने की बात कही थी। युवक शराब पीने का आदी था। पुलिस जांच में आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस की तलाशी में उसके जेब से शराब का एक क्वार्टर मिला है। घटनास्थल पर उसका मोबाइल फोन भी पड़ा मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है।
कोतवाल निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि प्राथमिक जांच में आत्महत्या प्रतीत हो रही है। कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। (संवाद)