औरैया। शहर से सटे जैतापुर में सुदिति ग्लोबल अकादमी शिक्षण संस्थान में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुरू हो गया है। इस केंद्र पर उत्तर पुस्तिकाओं की जांच प्रधानाचार्य कंचन लता तिवारी की देखरेख में की जा रही है। उन्हें नोडल केंद्र सुपरवाइजर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मूल्यांकन कार्य पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ कराया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कॉपियों की जांच की व्यवस्था की गई है। स्कूल की प्रधानाचार्य कंचन लता तिवारी ने बताया कि बोर्ड की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए शिक्षक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। मूल्यांकन केंद्र पर शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं ताकि कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।