अमरोहा लिटिल स्कॉलर्स एकेडमी में आयोजित पुलिस की पाठशाला में बोलते एसपी व मौजूद छात्र-छात्राएं।
अमरोहा। छात्र-छात्राएं अपने मन में कोई बात नहीं रखें। वह आत्मनिर्भर बनें और समस्या बेझिझक होकर अपने परिजन, शिक्षक और पुलिस के साथ साझा करें। अगर कोई अपराध होता है तो डरे नहीं, बल्कि डटकर मुकाबला करें। ये बातें शुक्रवार को एसपी अमित कुमार आनंद ने लिटिल स्कॉलर्स एकेडमी में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला में कहीं।
उन्होंने कहा कि मोबाइल से फायदा के साथ नुकसान भी है। सिर्फ पढ़ाई और ज्ञान बढ़ाने के लिए ही मोबाइल का उपयोग करें। सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बचें। फेसबुक, इंस्टाग्राम का उपयोग सोच समझकर ही करें। यह तभी संभव हो पाएगा, जब अभिभावक सजग रहेंगे। उन्होंने छात्रों को डिजिटल अरेस्ट, साइबर अपराध के बारे में भी जानकारी दी।
कहा कि मुफ्त और बिना किसी योगदान के कोई उपहार या रकम दे रहा है तो सतर्क हो जाएं। अन्जान कॉल पर भरोसा न करें और बहकावे में न आएं। किसी भी लिंक पर क्लिक करने से बचें। फ्राॅड होने पर टोल फ्री नंबर 1930 साइबर हेल्पलाइन और साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पुलिस की कार्यशैली से लेकर सुरक्षा के बारे में जानकारी दी।
कहा कि पुलिस लोगों की मित्र है, हर परिस्थितियों में पुलिस मदद के लिए आगे रहती है। समाज का भी दायित्व है कि वह भी पुलिस की मदद करें। कोई वारदात या कोई संदिग्ध दिखता है तो तुरंत डायल-112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम पुलिस गोपनीय रखती है। किसी भी महिला या किशोरी के साथ कोई घटना होती है तो तुरंत 1090 पर बेझिझक शिकायत दर्ज कराएं। इस दौरान कार्यक्रम का संचालन सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य अनिल कुमार जग्गा ने किया। इस दौरान कॉलेज प्रशासक दर्पन बंसल ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान आकृति गर्ग और उप प्रधानाचार्य सुभ्रा सक्सेना आदि मौजूद रहे। संवाद