अमेठी। अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के बाद भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग के क्षेत्रीय प्रवर्तन अधिकारी अनंत कुमार सिंह को कुछ लोगों ने धमकी दी। तीन नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अनंत कुमार सिंह ने बताया कि 18 मार्च की रात करीब 11:45 बजे ककवा रोड पर चेकिंग के दौरान मिट्टी लदा एक ट्रक रोका गया। चालक से परिवहन संबंधी कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस को सौंप दिया गया। आरोप है कि कुछ देर बाद कार सवार दो लोग मौके पर पहुंचे और ट्रक पकड़ने को लेकर सवाल-जवाब करने लगे। इसी दौरान ट्रक छोड़ने का दबाव बनाया गया और धमकी दी गई।
कार सवारों ने मोबाइल फोन पर करन वर्मा नामक व्यक्ति से बात कराई, जिसने अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए ट्रक छोड़ने का दबाव बनाया। प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह ने बताया कि पूरबगांव निवासी बृजेश कुमार द्विवेदी, दुबे मजरे नुवावां निवासी लखनलाल द्विवेदी, करन वर्मा और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।