शाहगढ़। शिवरतनगंज क्षेत्र के पूरे गंभीरशाह पन्हौंना गांव निवासी किसान चंद्रमोहन (42) की सोमवार सुबह तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गुड्डू ने बताया कि उनका भाई चंद्रमोहन सुबह तालाब किनारे शौच के लिए गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गया। काफी देर तक वापस न आने पर परिजन उसकी खोज करने लगे। खोजबीन के दौरान गांव की कुछ महिलाओं ने तालाब में शव उतराता देखा और शोर मचाया। ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान चंद्रमोहन के रूप में हुई।
परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। एसओ दयाशंकर मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण पैर फिसलने से तालाब में डूबना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
चंद्रमोहन की मौत के बाद पत्नी रामरानी बार-बार यही कहकर रो रही है कि वह अभी लौटने की बात कहकर गए थे, मगर वापस नहीं आए। मां राजवती बेटे की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गई हैं। भाई राजेंद्र, गुड्डू और विजय कुमार गम में डूबे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदार परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे।