अमेठी सिटी। जिले में 23 एएनएम सेंटर स्थापित किए जाएंगे। जायस और मुसाफिरखाना में एएनएम प्रशिक्षण केंद्र भी बनाए जाने की भी तैयारी है। इस एएनएम सेंटरों से गांवों में रहने वाली महिलाओं और बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी।
इन केंद्रों के संचालन से मातृ व शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आएगा। एएनएम सेंटर संचालित होने के बाद गर्भावस्था जांच, सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशुओं की देखभाल और नियमित टीकाकरण जैसी सुविधाएं गांव स्तर पर उपलब्ध होंगी। अभी इन सेवाओं के लिए ग्रामीणों को दूर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल जाना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की परेशानी होती है।
नए एएनएम सेंटर स्थापित होने से स्वास्थ्य सेवाएं गांव स्तर पर मिल सकेंगी। वहीं, प्रशिक्षित एएनएम महिलाओं को गर्भकालीन देखभाल की जानकारी देंगी और बच्चों के पोषण व टीकाकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे मातृ मृत्युदर और शिशु मृत्युदर में कमी आने की उम्मीद है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि भवन निर्माण से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। (संवाद)