शहर स्थित बीएन केबी पीजी कॉलेज में बुधवार को बास्केटबॉल प्रतियोगिता के दौरान गोल करते खिलाड़ी।
अंबेडकरनगर। शहर स्थित बीएनकेबी पीजी कॉलेज में बुधवार को दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीय पुरुष बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुख्य अतिथि अवध विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. जनमेजय तिवारी एवं बीएनकेबी पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. शुचिता पांडेय ने किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बृहस्पतिवार को डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर और साकेत महाविद्यालय अयोध्या के बीच खेला जाएगा।
प्रतियोगिता में 18 टीमों के लगभग 100 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें अवध विश्वविद्यालय परिसर, श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज गोंडा, साकेत महाविद्यालय अयोध्या, देव इंद्रावती महाविद्यालय कटेहरी, बीएनकेबी पीजी कॉलेज अकबरपुर सहित अन्य संबद्ध महाविद्यालयों की टीमें शामिल हैं। पहला सेमीफाइनल अवध विश्वविद्यालय परिसर और श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज गोंडा के बीच खेला गया, जिसमें अवध विश्वविद्यालय परिसर ने 43–24 से जीत दर्ज की। वहीं दूसरा सेमीफाइनल बीएनकेबी पीजी कॉलेज अकबरपुर और साकेत महाविद्यालय अयोध्या के बीच हुआ, जिसमें साकेत महाविद्यालय ने 34–20 से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।
मुख्य अतिथि डॉ. जनमेजय तिवारी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, धैर्य और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना की सराहना की।
इस अवसर पर पर्यवेक्षक के रूप में संजय शर्मा, प्रो. आरबीएस बघेल तथा संचालन व निर्णायक मंडल में राजेंद्र प्रताप सिंह, विजय प्रताप सिंह, शशांक शर्मा, शाहरुख जफर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।