अंबेडकरनगर। जिलाधिकारी की सख्ती के बाद सहकारी समितियों में डीएपी और एनपीएस खाद की आपूर्ति शुरू हो गई है। इससे पिछले दस दिनों से खाद की किल्लत झेल रहे किसानों के चेहरों पर राहत लौट आई है। गेहूं की बोआई प्रभावित हो रही थी, लेकिन शनिवार शाम अयोध्या से आवंटित 3000 क्विंटल एनपीएस और डीएपी सभी समितियों को भेज दी गई।
सहकारिता क्षेत्र में इफको की 13,800 क्विंटल डीएपी और 5730 एमटी एनपीएस का वितरण भी शुरू हो गया है। सोमवार को समितियों पर खाद मिलना शुरू होते ही किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि सर्वर धीमा होने के कारण किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ा। एआर कोऑपरेटिव राघवेंद्र प्रताप शुक्ला ने बताया कि डीएपी सभी समितियों तक पहुंच चुकी है और वितरण नियमित रूप से कराया जा रहा है।
सर्वर बंद, चार बजे से ठप हुआ वितरण
सहकारी समिति अजमेरी बादशाहपुर में रविवार को 400 बोरी डीएपी पहुंची थी। सोमवार से इसका वितरण शुरू हुआ। उपलब्धता की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में किसान समिति पर पहुंच गए। शाम 4 बजे तक केवल 150 बोरी खाद ही वितरित हो सकी, जिसके बाद सर्वर बंद होने से वितरण रुक गया। सचिव कपिस मिश्रा ने बताया कि तुरसमपुर समिति पर 300 बोरी और तरौली मुबारकपुर में 400 बोरी डीएपी उपलब्ध है और वितरण जारी है।
डीडी नंबर न मिलने से रुका वितरण
सरकारी संघ जलालपुर में समिति गोदाम में 250 बोरी डीएपी मौजूद रहते हुए भी वितरण रोक दिया गया। कर्मचारियों ने बताया कि डीडी नंबर उपलब्ध न होने के कारण खाद किसानों को नहीं दी जा सकती। नंबर प्राप्त होते ही वितरण शुरू किया जाएगा।