अंबेडकरनगर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान आलापुर में जिला स्तरीय सूचना और संचार प्रौद्योगिकी प्रतियोगिता (आईसीटी) का आयोजन किया गया। इसके शिक्षा में बढ़ते प्रयोग और नवाचारों को शिक्षकों ने साझा किया। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्रभारी वीना चौधरी ने कहा कि शिक्षा में आईसीटी का प्रयोग अब केवल एक सहायक उपकरण नहीं, बल्कि आधुनिक शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया का एक अनिवार्य और परिवर्तनकारी हिस्सा बन गया है।
इससे शिक्षा प्रणाली समानता, गुणवत्ता व दक्षता सुनिश्चित कर सशक्त बना सकते हैं। यह छात्रों को 21वीं सदी के कौशल जैसे डिजिटल साक्षरता, आलोचनात्मक सोच और सहयोग से लैस करता है। इसके अलावा भविष्य की चुनौतियों व अवसरों के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकते हैं। इसके बाद तीन सदस्यीय निर्णायक समिति ने प्रतियोगिता का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता में महिला वर्ग में प्रथम स्थान दीप्ती वर्मा, उच्च.प्रा.वि.जोरियन कटुई अकबरपुर, द्वितीय स्थान अनुपम वर्मा कंपोजिट उच्च. प्रा. वि. कांदीपुर जलालपुर को मिला। वहीं, पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान नवीनचंद्र गौतम प्रा. वि .अशरफपुर किछौछा बसखारी, द्वितीय स्थान रजनीश पीएम श्री विद्यालय लोहरा बरामदपुर कटेहरी को प्राप्त हुआ। ऐश्वर्य राज लक्ष्मी ने कार्यक्रम का संचालन किया।इस दौरान दिनेश कुमार मौर्य, अब्दुल फैजान, शशिकांत, डॉ. सुरेश कुमार, शुचि राय, रामसूरत व अन्य प्रवक्ता मौजूद रहे।