मामले की जानकारी पर पहुंचे पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
अंबेडकरनगर के अकबरपुर के रगड़गंज क्षेत्र में एक निजी मकान में सर्विलांस सेल में तैनात सिपाही की 30 वर्षीय पत्नी ज्योति पांडेय का शव कमरे में पंखे से लटका मिलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मऊ जिले के सरयलखनसिंह थाने के रैकवा गांव निवासी सौरभ पांडेय पुलिस विभाग की खुफिया सेल सर्विलांस सेल में तैनात हैं। अकबरपुर-टांडा मार्ग पर रगड़गंज में एक निजी मकान किराए पर लेकर अपनी पत्नी ज्योति पांडेय और दो बच्चों के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह दोनों बच्चे स्कूल चले गए और सौरभ अपनी ड्यूटी पर पुलिस लाइन चले गए।
सुबह करीब 11 बजे जब दूधिया सौरभ के मकान पर दूध देने पहुंचा तो दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा तो ज्योति का शव पंखे से लटका हुआ पाया। घटना की सूचना तुरंत सौरभ को दी गई, जिसके बाद शव को नीचे उतारा गया।
सूत्रों के अनुसार, सौरभ पांडेय ने प्रेम विवाह किया था और पति-पत्नी के बीच संबंध भी सामान्य बताए जा रहे हैं। ऐसे में ज्योति द्वारा यह कदम क्यों उठाया गया, इस पर कोई भी कुछ कहने को तैयार नहीं है। पुलिस और परिजन भी फिलहाल इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। मृतका के मायके वालों के आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।