प्रयागराज में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह साढ़े छह बजे हुई झमाझम बारिश से मौसम खुशगवार हो गया। बादलों की तेज गर्जना के साथ हुई बारिश से सड़कों के साथ गली मुहल्लों में जल जमाव हो गया। बिजली गिरने से ग्रामीण इलाकों में दों किसानों की मौत हो गई। एक किसान का बेटा गंभीर रूप से झुलस गया है। कई मवेशी भी असमय काल के गाल में समा गए हैं। बारिश जिले के अधिकांश स्थानों पर हुई। दिन पर सूर्य के दर्शन नहीं हुए। दोपहर में भी बूंदाबांदी होती रही।
शहर के कालिंदीपुर, अल्लापुर, दारागंज, सिविल लाइंस, कटरा, जानसेनगंज, अलोपीबाग, धूमनगंज, नैनी, झूंसी, फाफामऊ, अटाला, चौक आदि इलाकों में झमाझम बारिश हुई। सोरांव, नवाबगंज, शंकरगढ़, जसरा, मेजा, मांडा, कोरांव, करछना, फूलपुर, लालगोपालगंज, मऊआइमा, सोरांव, सहसों, हंडिया, प्रतापपुर, बरौत, जंघई आदि इलाकों में बरसात हुई। कई दिनों से मौसम की चेतावनी की के बाद शुक्रवार को बरसात से मौसम का रुख बदल गया। किसानों को बारिश से काफी नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। अरहर और गेहूं की फसल के चौपट होने की आशंका से किसान परेशान हैं।
सहसों में बिजली गिरने से किसान की मौत
सरायइनायत थाना क्षेत्र के सहसों पुलिस चौकी अंतर्गत चकिया घरहरा गांव में बिजली गिरने से संग्राम सिंह यादव (58) की मौके पर मौत हो गई। उनका बेटा ज्ञान सिंह यादव भी झुलस गया है। जिसका इलाज शहर के हॉस्पिटल में चल रहा है। बिजली की चपेट में आने से दो गायों की भी मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी तरह सोरांव इलाके के कलंदरपुर में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। कई गोवंश भी झुलस गए हैं।