कालिंदीपुरम के बरसाना सेक्टर में शनिवार रात करीब 10 बजे ट्रांसफॉर्मर जलने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया। रविवार को भी दिनभर बिजली आपूर्ति ठप रही। इस पर आक्रोशित लोगों ने बिजली उपकेंद्र का घेराव कर हंगामा किया। विरोध बढ़ता देख विभाग ने आनन-फानन मरम्मत शुरू कराई। करीब 23 घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
एक तो शनिवार रात में लोग ठीक से सो नहीं सके। रविवार को छुट्टी वाले दिन सुबह से ही पानी का संकट खड़ा हो गया। टंकियों में भरा पानी खत्म होते ही इधर-उधर भटकने लगे। पीने के लिए कैन मंगवाकर किसी तरह काम चलाया। दोपहर बाद लोगों का धैर्य टूट गया। बड़ी संख्या में लोग बिजली उपकेंद्र पहुंच गए। घेराव करते हुए हंगामा किया। बवाल की आशंका पर वरिष्ठ अफसर मौके पर पहुंचे। तत्काल ट्रांसफार्मर बदलवाने और अन्य मरम्मत कार्य शुरू कराने के आश्वासन पर लोग माने। एसडीओ शैलेंद्र सिंह के मुताबिक, रविवार रात नौ बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।
इसी तरह झलवा क्षेत्र के कई इलाकों में भी शनिवार रातभर बिजली कटौती जारी रही। कहीं फॉल्ट तो कहीं केबल में आग लगने से संकट बना रहा। कुछ जगह बंच केबल लगाने के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रही। कहार गल्ला फीडर में दोपहर 12 से दो बजे तक मरम्मत कार्य के कारण बिजली कटी रही।
शहर हो या गांव छिन गया लोगों का चैन, दिनचर्या हो रही प्रभावित
कटौती, ट्रिपिंग, लो वोल्टेज से बेहाल रहा शहर
प्रयागराज। भीषण गर्मी के बीच रविवार को भी बिजली कटौती रात-दिन रुलाती रही। दारागंज, कच्ची सड़क, पक्की सड़क, बक्शी बांध इलाके में रविवार दोपहर तीन बजे से देर रात तक एक-एक, दो-दो घंटे के अंतराल पर बिजली आती-जाती रही।
सलोरी, गोविंदपुर और तेलियरगंज समेत कई इलाकों में दिनभर लो वोल्टेज की समस्या बनी रही। गढ़ी सराय, बैगन टोला, मिनाजपुर, रानीगंज और कोल्हान टोला में शनिवार रात में तीन से पांच घंटे की कटौती हुई। यहां रविवार सुबह 11 से रात आठ बजे तक समस्या बनी रही। बैरहना, मलाकराज और रामबाग इलाके में शनिवार रात कई बार 20-20 मिनट और आधे-आधे घंटे की कटौती होती रही। दिन में भी कई मोहल्लों में बिजली की आंख मिचौली जारी रही।
गाड़ीवान टोला, खुल्दाबाद, घासकटी, रोशनबाग और बक्शी बाजार में शनिवार रात आठ से 11 बजे तक बिजली बाधित रही। दरियाबाद के गुजराती मोहल्ला में शनिवार रात और रविवार दिनभर कई बार आधे से एक घंटे की कटौती हुई। अतरसुइया, मीरापुर, कल्याणी देवी, नई बस्ती कीडगंज क्षेत्र में भी रविवार को तीन से चार बार बिजली की आई गई।
करेली, मुठ्ठीगंज, गऊघाट और तिलक रोड क्षेत्र में रविवार सुबह बिजली बाधित रहने से मोटर नहीं चल सकीं। इससे पानी का संकट खड़ा हो गया। छुट्टी वाले दिन लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित रहे।
-
ग्रामीण इलाकों में भी संकट, 18 घंटे में सिर्फ 7-8 घंटे बिजली
प्रयागराज। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली संकट गहराया रहा। असरावल, मकनपुर, शेरपुर, भगवतपुर, मंदर, मंदरी, लहुरसरवा समेत कई गांवों में रविवार सुबह छह से देर रात तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई गांवों में 18 घंटे में महज सात से आठ घंटे ही बिजली मिल पाई। पीपलगांव सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में लगातार बिजली कटौती से पानी का संकट गहरा गया। मोटर न चल पाने से लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हुए।