शनिवार को दिन भर तहसील में अधिवक्ताओं के बीच सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष-सचिव के शपथ ग्रहण पर रोक चर्चा में रही। उधर सिविल बार के पूर्व अध्यक्ष ठाकुर अमर सिंह ने कहा कि जो लोग विरोध कर रहे हैं, वह सिविल बार के सदस्य ही नहीं हैं।
पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि जिन युवा अधिवक्ताओं की ओर से चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते यूपी बार कांउसिल में शिकायत की गई है, वह पूर्व में त्यागपत्र देकर अन्य संगठन में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में उनके विरोध का सिविल बार एसोसिएशन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। यूपी बार काउंसिल के निर्देश का पालन करना एसोसिएशन का कर्तव्य है। जल्द ही एसोसिएशन बार कांउसिल मेंअपना पक्ष रखकर निर्देश प्राप्त करेगा। उम्मीद जताई कि निर्णय सिविल बार एसोसिएशन के पक्ष में ही आएगा।
पिछले दिनों एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से अध्यक्ष और सचिव का चयन कर लिया था। उनके शपथ ग्रहण का कार्यक्रम भी तय हो गयाा था, लेकिन तहसील के युवा अधिवक्ताओं ने बार काउंसिल में शिकायत कर चुनावी प्रक्रिया को नियम विरुद्ध बताया था। इस पर बार काउंसिल ने अध्यक्ष-सचिव का शपथ ग्रहण रोक दिया था।