फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सावन का अंतिम सोमवार: आधी रात से गूंजा ओउम् नमः शिवाय, खेरेश्वर-अचलेश्वर और मंगलेश्वर मंदिर में उमड़े श्रद्धाल

Mon, 24 Aug 2026 12:47 PM IST
Chaman Kumar Sharma अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

शिव पूजन और जलाभिषेक का विशेष महत्व रहेगा। इस दिन पुत्रदा एकादशी व्रत के पारण के साथ प्रीति योग, आयुष्मान योग, हंस राजयोग और बुधादित्य राजयोग का संयोग बन रहा है। साथ ही शिववास कैलाश पर माना जा रहा है।
Register For Event
विज्ञापन
खेरेश्वर मंदिर पर जल चढ़ाते भक्तगण - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सावन के चौथे सोमवार से पहले रविवार आधी रात से ही अलीगढ़ शहर से देहात तक शिवालय हर-हर महादेव और ओउम् नमः शिवाय के जयघोष से गूंज उठे। रात 12 बजते ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। खेरेश्वरधाम मंदिर के साथ शहर के अचलेश्वर और मंगलेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी।

विज्ञापन


श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। शिवलिंग पर गंगाजल, फूल, बेलपत्र, धतूरा और अक्षत अर्पित किए गए। सावन के अंतिम सोमवार को लेकर पुलिस-प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। शहर में आने वाली रोडवेज बसों और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया। मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा।

रामघाट रोड पर सुबह से देर रात तक कांवड़ियों की भीड़ बनी रही। गंगा घाटों से कांवड़ लेकर लौटे शिवभक्त डीजे पर बज रहे भजनों पर झूमते हुए और बोल बम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। कांवड़ियों की सेवा के लिए मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों की ओर से शिविर लगाए गए। शिविरों में कांवड़ियों को जलपान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

विज्ञापन
विज्ञापन

खेरेश्वर मंदिर पर जल चढ़ाने के लिए कतार में लगे कांवड़िया - फोटो : संवाद
पांच शुभ संयोग में होगा भोलेनाथ का पूजन
सावन के चौथे और आखिरी सोमवार को भगवान शिव की आराधना के लिए कई शुभ संयोग बन रहे हैं। ज्योतिषाचार्य पं. हृदय रंजन शर्मा के अनुसार शिव पूजन और जलाभिषेक का विशेष महत्व रहेगा। इस दिन पुत्रदा एकादशी व्रत के पारण के साथ प्रीति योग, आयुष्मान योग, हंस राजयोग और बुधादित्य राजयोग का संयोग बन रहा है। साथ ही शिववास कैलाश पर माना जा रहा है। ऐसे में भगवान शिव के साथ भगवान विष्णु की पूजा का भी विशेष महत्व रहेगा।

कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा जांचने पहुंचे एडीजी
एडीजी आगरा जोन एसके भगत ने रविवार को अलीगढ़ पहुंचकर कांवड़ यात्रा मार्ग, पुलिस कांवड़ शिविर और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इसके बाद थाना सिविल लाइन क्षेत्र की मेडिकल चौकी पर संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक की। यहां आगामी त्योहारों को लेकर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर चर्चा हुई।

एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहें। उन्होंने त्योहारों के दौरान प्रभावी पुलिसिंग के साथ आमजन से बेहतर संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी त्योहार शांतिपूर्ण और सकुशल माहौल में संपन्न हों, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान डीआईजी प्रभाकर चौधरी, एसएसपी नीरज कुमार जादाैन, एसपी सिटी आदित्य बंसल, एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र, एसपी ट्रैफिक प्रवीण कुमार यादव समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें