होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में छात्रावास बन रहा है। करीब 75 फीसदी काम पूरा हो गया है। मई 2027 तक भवन तैयार होने की उम्मीद है। इसके बाद छात्रों को छात्रावास आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
अलीगढ़ के छेरत स्थित राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों को जल्द परिसर में ही रहने की सुविधा मिलेगी। जवां विकासखंड के छेरत गांव स्थित कॉलेज में 8.19 करोड़ रुपये की लागत से बालक छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी तीन मंजिलें आकार ले चुकी हैं और करीब 75 फीसदी काम पूरा हो गया है। मई 2027 तक भवन तैयार करने का लक्ष्य है।
विज्ञापन
कॉलेज में छात्राओं के लिए बालिका छात्रावास पहले ही बनकर तैयार हो चुका है। अब छात्रों के लिए भी इसी तरह आवासीय सुविधा विकसित की जा रही है। बालक छात्रावास में कमरे, मेस, कॉमन रूम और लाइब्रेरी रूम सहित अन्य जरूरी सुविधाएं होंगी। इसके निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी संघ लिमिटेड को सौंपी गई है।
दूर-दराज के छात्रों को मिलेगी राहत
मेडिकल कॉलेज में दूसरे जिलों और दूर-दराज के क्षेत्रों से भी छात्र पढ़ने आते हैं। अभी उन्हें बाहर किराये पर कमरे लेकर रहना पड़ता है। कॉलेज के प्राचार्य राम आशीष यादव ने बताया कि छात्रावास का करीब 75 फीसदी निर्माण पूरा हो चुका है। मई 2027 तक भवन तैयार होने की उम्मीद है। इसके बाद छात्रों को छात्रावास आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।