डौकी पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ दो को पकड़ा स्रोत पुलिस
फतेहाबाद। डौकी पुलिस व सर्विलांस टीम ने सोमवार रात वाहन चेकिंग के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार अवैध तमंचे बरामद किए हैं।
एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार ने बताया सोमवार रात 12 बजे करीब थानाध्यक्ष डौकी सर्विलांस टीम के साथ वाजिदपुर अंडरपास के नीचे वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक टूंडला-फिरोजाबाद की ओर से बाइक पर आ रहे हैं। उनके पास अवैध हथियार हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई। कुछ देर बाद बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने टॉर्च से रुकने का इशारा किया, तो बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 315 बोर के चार अवैध तमंचे बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अनुज तोमर पुत्र विजय बहादुर सिंह तोमर निवासी साईं नगर गोपालपुरा रोड थाना पोरसा जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) तथा विष्णु सिंह तोमर पुत्र बृजमोहन सिंह तोमर निवासी तेहरा थाना पोरसा जिला मुरैना (मध्य प्रदेश) बताए। पुलिस ने बाइक के कागजात मांगे, पर वह दिखा न सके। पुलिस ने बाइक को सीज कर दिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों से रंजिश होने के कारण वे अपने बचाव के लिए तमंचे रखते थे। कुछ दिन पहले पोरसा में राह चलते एक व्यक्ति से चार तमंचे खरीदे थे। उनमें से दो तमंचे अपने पास रखे थे और दो को टूंडला क्षेत्र में राह चलते लोगों को बेचने गए थे। ग्राहक न मिलने पर वापस घर लौट रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।